Sunday, 8 June 2014

अमेरिका में 6 साल की बच्ची को कुत्तों ने काट खाया

लॉस एंजिलिस : अमेरिका के सिनसिनाटी राज्य में दो कुत्तों ने छह वर्षीय एक लड़की को काट खाया है और वह जिंदगी के लिए संघर्ष कर रही है।

लड़की के परिवार ने आज बताया कि जैनाबोउ ड्रामे की हालत अभी भी गंभीर है और वह कोमा में है। लड़की के अभी कई ऑपरेशन किए जाने हैं और उसका उपचार किया जा रहा है।

लड़की के परिवार के सदस्य लेसली मैकईलार्थ ने बताया, इस समय वह आराम कर रही हैं और मैं उम्मीद करता हूं कि वह कुछ सप्ताह में ठीक हो जाएगी। मैकईलार्थ ने बताया कि उसे अपने छोटे भाई के साथ खेलना पसंद है और वह पढना सीख रही है। वह छह वर्ष की एक सामान्य बच्ची है।

सिनसिनाटी पुलिस ने बताया कि बुधवार को कुत्तों ने जैनाबोउ का पीछा किया और उसे काट खाया। लड़की की चाची ने सिनसिनाटी इनक्वायरर को बताया कि कुत्तों के हमले में जैनाबोउ का जबड़ा, जीभ और आंख क्षतिग्रस्त हो गया है।

दिल्ली के मॉल्स को रात 10 बजे के बाद बिजली नहीं


No power to Delhi shopping malls after 10 PMनई दिल्ली
दिल्ली में प्रचंड गर्मी के बीच जारी बिजली संकट से निपटने के लिए लेफ्टिनेंट गवर्नर नजीब जंग ने कुछ खास दिशा निर्देश जारी किए हैं। इसके तहत शॉपिंग मॉल्स को रात 10 बजे के बाद बिजली नहीं मिलेगी। इसके साथ ही सरकारी दफ्तरों, स्कूल-कॉलेजों और लोगों से एससी कुछ घंटे न चलाने की अपील की गई है।

लेफ्टिनेंट गवर्नर नजीब जंग ने रविवार को दिल्ली में बिजली संकट को लेकर बैठक की। इस बैठक में उन्होंने रात 10 बजे के बाद शॉपिंग मॉल्स को बिजली न देने के निर्देश दिए। इसके साथ ही स्कूल-कॉलेजों से अपील की गई है कि वे बिजली बचाने के लिए दोपहर 3.30 से 4.40 बजे के बीच एसी न चलाएं।

जंग ने इसके साथ ही पीक आवर्स में गलियों में लगे मास्ट हैलोजन लैंप न जलाने के निर्देश दिए हैं, ताकि बिजली बचाई जा सके। उन्होंने साथ ही बिजली कंपनियों को निर्देश दिए हैं कि वे पावर सप्लाई का शिड्यूल जारी करें।

शादी की खबरों से नाराज शोएब अख्‍तर, कहा एक बार उनसे तो पूछा होता

शादी की खबरों से नाराज शोएब अख्‍तर, कहा एक बार उनसे तो पूछा होता
कराची। रावलपिंडी एक्सप्रेस के नाम से मशहूर पाकिस्तान के तुफानी गेंदबाजी शोएब अख्तर ने उन सभी खबरों को सिरे से खारिज कर दिया है जिसमें कहा जा रहा था कि उनकी शादी एक नाबालिग लड़की से होने जा रही है। शोएब अख्‍तर ने एक ट्वीट कर इन खबरों का खंडन किया। शो
एब ने ट्वीट करके कहा कि शुभकामनाओं का हमेशा स्वागत है लेकिन अफवाह के लिए नहीं शोएब ने ट्वीट के जरिए अपनी सफाई पेश करते हुए कहा कि मैं 17 वर्ष की रुबाब से शादी नहीं कर रहा हूं। 2011 में वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप खेलकर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने वाले 38 वर्षीय शोएब अख्तर की शादी के चर्चे इंडियन प्रीमियर लीग के दौरान भी जोर शोर से जारी थे। शनिवार को शोएब की शादी की खबरें जंगल में आग की तरह फैलीं। लेकिन रावलपिंडी एक्सप्रेस ने इन खबरों को फर्जी ठहराया है। शोएब ने एक नहीं बल्कि तीन ट्वीट्स की हैं। इन सभी ट्वीट्स में उन्‍होंने अपनी शादी की खबरों को मूर्खतापूर्ण करार दिया है। शोएब ने कहा है कि उनकी नहीं तो कम से कम मीडिया को एक लड़की के सम्‍मान का ध्‍यान तो रखना चाहिए था। इसके साथ ही शोएब ने यह भी कहा है कि एक बार इस तरह की खबरें पोस्‍ट करने से पहले अगर उनसे पूछ लिया जाता तो बेहतर होता। शुक्रवार को पाकिस्‍तान के न्‍यूजपेपर द एक्‍सप्रेस ट्रिब्‍यून में इस बाबत एक खबर छपी थी। इस खबर सूत्रों के हवाले से बताया गया था कि शोएब की शादी पाक के एबटोबाद के हरिपुर जिले की रहने वाली 17 वर्षीय रूबाब के साथ होगी। 12 जून को शोएब अपने गृहनगर रावलपिंडी जाएंगे और जून के तीसरे हफ्ते में इनकी शादी की तारीखें तय हो जाएंगी। एक्‍सप्रेस ट्रिब्‍यून में जो जानकारी दी गई थी कि रुबाब की क्रिकेट में बहुत कम दिलचस्‍पी है। शोएब की होने वाली बेगम के तीन बड़े भाई हैं और एक छोटी बहन है। पिछले माह ही रुबाब ने इंटरमीडिएट की परीक्षा दी है। इस जानकारी में यह तक दिया हुआ था कि 19 जून को मेहंदी का फंक्‍शन होगा, इसके बाद हरिपुर के बिलवाल हॉल से 20जून को रुखसती और फिर 22 जून को रावलपिंडी में वलीमा का आयोजन किया जाएगा।
 

मुंबई में दौड़ी मेट्रो, वर्सोवा से अंधेरी का सफर मात्र 22 मिनट में

मुंबई। रविवार की सुबह मुंबईकरों के लिए बेहतर यात्रा की सौगात लेकर आई। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण ने उद्घाटन किया। लोकल की मशक्कत से आगे निकल अब यात्री मेट्रो की आनंददायक यात्रा का आनंद ले सकेंगे और वर्सोवा से घाटकोपर तक का सफर मात्र 22 मिनट में ही तय कर लेंगे।
हालांकि, मेट्रो के किराए को लेकर शुरू कलह ने लोगों की उम्मीद का मजा थोड़ा किरकिरा कर दिया है। महाराष्ट्र सरकार और संचालक एजेंसियों के बीच किराए को लेकर तकरार जारी है। सरकार न्यूनतम किराया नौ रुपए और अधिकतम 13 रुपए चाहती है जबकि एजेंसियों का कहना है कि यह 10 और 40 होना चाहिए। यही नहीं मुंबई की मेट्रो पर अब सियासत भी शुरू हो गई।
इस बीच रविवार को मुंबई में भी मेट्रो सेवा की शुरूआत होने जा रही है। तीन साल के लंबे इंतजार के बाद फेज-1 के तहत बनी करीब 11 किलोमीटर लंबी रेल लाइन पर मेट्रो चलने जा रही है। वरसोवा-अंधेरी-घाटकोपर लाइन पर यात्रियों को हर चार मिनट के अंतराल पर मेट्रो मिलेगी।
मेट्रो का न्यूनतम किराया 10 रुपए और अधिकतम 40 रुपए रखा गया है। जबकि, राज्य सरकार इसका विरोध कर रही है। हालांकि मेट्रो के चलने से लाखों यात्रियों के साथ ही मुंबई की लाइफ लाइन कही जाने वाली लोकट ट्रेन को भी राहत मिलने की उम्मीद है।
देश की पहली मोनोरेल सेवा के इस वर्ष एक फरवरी को शुरू होने के बाद मुंबई के यात्रियों को यह दूसरी सौगात है।
मुंबई मेट्रो वन प्रा. लि. के कार्यकारी निदेशक अभय मिश्रा के अनुसार प्रतिदिन 200 से 250 फेरों में ट्रेन चलाई जाएगी। इसके साथ ही हर कोच में 375 यात्रियों के सवार होने की सुविधा होगी। दोपहर एक बजे से यात्री यात्रा कर सकेंगे।
उल्लेखनीय है कि महाराष्ट्र सरकार ने नौ से 13 रुपए के बीच में मेट्रो किराया रखने बात बार-बार कह रही है। लेकिन, मेट्रो प्रबंधन ने निर्माण कार्य के खर्च का हवाला देते हुए किराया महंगा किया है। आठ साल पहले मेट्रो का काम शुरू हुआ था जो तीन साल की देरी से चल रहा है। यह मेट्रो पहले फेज की है जबकि कुल तीन फेज में काम होना है।
उल्लेखनीय है कि रिलायंस इंफ्रास्ट्रक्चर, वियोलिया ट्रांसपोर्ट और मुंबई मेट्रोपोलिटियन अथॉरिटी के संयुक्त प्रावधान में मुंबई मेट्रो वन प्रा.लि. का गठन किया गया है।

अपनी आंखें दान करना चाहती हैं शिल्पा शेट्टी


मुंबई। बॉलीवुड की जानीमानी अभिनेत्री फिल्मकार शिल्पा शेट्टी ने नेत्रदान करने का फैसला किया है। शिल्पा शेट्टी अपने पति राज कुन्द्रा और पिता सुरेंद्र शेट्टी के साथ महाराष्ट्र के अहमदनगर जिले के सोनाई गांव स्थित शनि शिंगनापुर मंदिर के दर्शन के लिए आई थीं। इस दौरान उन्होंने सामाजिक संस्था यशवंत सामाजिक प्रतिष्ठान के जरिए अपनी आंखें दान करने
का फैसला किया। शिल्पा ने इसके लिए औपचारिक तौर पर फॉर्म भी भरा।
शिल्पा ने कहा की मेरी मौत के बाद आंखें मेरे किसी काम की नहीं रहेंगी। अगर मेरी आंखें किसी को रोशनी दे सकें तो इससे मुझे काफी संतुष्टि मिलेगी। उल्लेखनीय है कि शिल्पा की बहन और अभिनेत्री शमिता शेट्टी भी इसी सामाजिक संस्था के जरिए नेत्रदान करने का फैसला कर चुकी हैं।

बीजेपी नेता की हत्या, समर्थकों का हंगामा


नई दिल्ली। ग्रेटर नोएडा के दादरी में बीजेपी नेता विजय पंडित की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पंडित की हत्या के बाद उनके समर्थकों ने जमकर हंगामा किया और दर्जन भर से ज्यादा गाड़ियों में आग लगा दी। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस और पंडित के समर्थकों के बीच जमकर झड़प हुई, जिसमें कई कुछ पुलिसवाले जख्मी हो गए। हालात काबू में करने के लिए पूरे इलाके में धारा 144 लागू कर दी गई है। देर रात तक बीजेपी नेता के समर्थक डीएम आफिस के बाहर प्रदर्शन करते रहे।
शनिवार रात ग्रेटर नोएडा के दादरी में बाइक सवार अज्ञात बदमाशों ने बीजेपी नेता विजय पंडित की गोली मारकर हत्या कर दी। पंडित को पांच गोलियां लगीं अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। विजय पंडित की पत्नी गीता पंडित दादरी की नगर पालिका अध्यक्ष हैं। पंडित की हत्या की खबर सुनते ही दादरी में उनके समर्थकों की भीड़ जुट गई। गुस्साए समर्थकों ने दर्जन भर से ज्यादा गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया।
भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पहुंची पुलिस पर भी लोगों ने जमकर पथराव किया। पुलिस को जवाब में कई राउंड गोलियां चलानी पड़ीं। इस झड़प में दादरी के थानाध्यक्ष समेत 15 पुलिसवालों के घायल होने की खबर है। भीड़ पर काबू पाने के लिए आसपास के थानों की पुलिस और पीएससी बुलानी पड़ी।
पंडित की हत्या के बाद पूरे इलाके में तनाव बना हुआ है। मेरठ रेंज के कमिश्नर, आईजी, डीआईजी और डीएम मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा ले रहे हैं। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने प्रमुख सचिव गृह को मामले पर नजर रखने के निर्देश दिए हैं। सूत्रों का कहना है कि लोकसभा चुनाव के दौरान पंडित नोएडा से बीजेपी उम्मीदवार महेश शर्मा का प्रचार कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें कई बार धमकियां मिली। 2 अप्रैल को उन्होंने दादरी पुलिस थाने में इसकी शिकायत भी की थी।

raofamilysirsa

raofamilysirsa