Sunday, 8 June 2014

घर खाली करने के लिए पूर्व सांसदों को 18 जून की डेडलाइन

नई दिल्ली : नवनिर्वाचित संसद सदस्यों को आवास उपलब्ध कराने के लिए लोकसभा सचिवालय ने करीब 265 पूर्व सांसदों को नोटिस भेजकर 18 जून तक मकान खाली करने को कहा है।

कार्रवाई को ‘सामान्य’ करार देते हुए लोकसभा महासचिव पी. श्रीधरन ने कहा, ‘सचिवालय ने सभी पूर्व सांसदों को सूचित कर उनसे 18 जून तक मकान खाली करने को कहा है। जहां तक पूर्व मंत्रियों का सवाल है, उनसे संपदा निदेशालय ने 26 जून तक अपने बंगले सौंप देने को कहा है।’ 16वीं लोकसभा में नवनियुक्त मंत्रियों सहित करीब 320 नए सांसद हैं, जिन्हें राष्ट्रीय राजधानी में आवास उपलब्ध कराया जाना है।

संपदा निदेशालय जहां मंत्रियों को बंगले उपलब्ध कराने के लिए जिम्मेदार है, वहीं लोकसभा हाउसिंग कमेटी नए सांसदों को मकान आवंटित करेगी। लोकसभा हाउसिंग कमेटी का गठन 11 जून को संसद का पहला सत्र समाप्त होने के बाद अध्यक्ष द्वारा किया जाएगा।

लोकसभा सचिवालय ने करीब 265 पूर्व सांसदों को पत्र लिखकर 18 जून तक मकान खाली करने को कहा है, वहीं संपदा निदेशालय ने करीब 55 पूर्व मंत्रियों को पत्र लिखकर उनसे 26 जून तक बंगले सौंपने के लिए कहा है। केंद्रीय लोक निर्माण विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘यह एक चुनौती भरा कार्य है। एक बार मकान खाली होने पर हमें उन्हें नए सांसदों और मंत्रियों को उपलब्ध कराने के लिए तैयार करना होगा।’

उन्होंने कहा, ‘इन मकानों में अनिवार्य रूप से सफेदी और जरूरत पड़ने पर अन्य मरम्मत का कार्य किया जाना है।’ नए सांसद वर्तमान में अस्थाई तौर पर रह रहे हैं। उन्हें दिल्ली में राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के गेस्ट हाउसों के 200 से अधिक कमरों और भारतीय पर्यटन विकास निगम (आईटीडीसी) के 150 से अधिक कमरों में व्यवस्थित किया गया है।

पूर्ववर्ती संप्रग-2 सरकार में 70 मंत्री थे, जिनमें से कुछ चुनाव में जीत गए और बहुत से अन्य हालिया लोकसभा चुनाव में हार गए। संपदा निदेशालय के नोटिस के अनुसार चुनाव हारने वालों को 26 जून तक अपने बंगले खाली करने होंगे। शहरी विकास मंत्री एम. वेंकैया नायडू ने भी पूर्व मंत्रियों से खुद ही अपने आधिकारिक निवास खाली करने और एक अच्छा उदाहरण स्थापित करने की अपील की है। (एजेंसी)

अब बिना एटीएम के भी निकलेंगे पैसे


बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में अब बगैर एटीएम के लोग दुकान या मॉल में स्वाइप मशीन के जरिए 100 से एक हजार रुपये तक निकाल सकेंगे। भारतीय स्टेट बैंक शीघ्र ही ग्राहकों को कैश एंड पॉश स्कीम की सुविधा का लाभ देगा। कई बड़े शहरों में यह सुविधा शुरू हो गई है। एसबीआई के एटीएम चैनल प्रबंधक कृष्ण मूर्ति ने बताया कि बैंक ग्राहकों की सुविधा के लिए शहर में जल्द ही कैश एंड पॉश स्कीम शुरू करने जा रहा है।
ग्राहक 100 रुपये से एक हजार तक नकद बड़े दुकान
दारों से ले सकेंगे। यह सुविधा केवल चुनिंदा स्वाइप मशीन वाले दुकानदारों के पास मिलेगा। बताया जा रहा है कि जुलाई से ग्राहक इस सुविधा का लाभ उठा सकेंगे। हालांकि इस सुविधा का उपयोग करने वाले ग्राहकों को कुल धनराशि का एक प्रतिशत सर्विस चार्ज के रूप में देना होगा।
इस स्कीम के अंतर्गत ग्राहक अपने नजदीकी दुकान मॉल से नकद रुपये प्राप्त कर सकते हैं। मॉल या दुकान में रखे स्वाइप मशीन में एटीएम कार्ड का उपयोग करना होगा, जिसमें संचालक की सहमति के बाद ग्राहक को न्यूनतम 100 रुपये व अधिकतम एक हजार रुपये नकद प्राप्त हो सकेगा। कई बार ग्राहक खरीदारी करने के बाद तथा आसपास एटीएम मशीन न होने से नकद रुपये की तालाश में भटकता है। यह सुविधा शुरू होने से ग्राहकों को राहत मिलेगी।
एसबीआई प्रबंधन जल्द ही शहर के प्रमुख व्यापारियों से संपर्क कर अनुबंध करेगा। इसके बाद तत्काल यह सुविधा शुरू हो जाएगी। मॉल के भीतर प्रमुख दुकानों के अलावा शहर के बड़े दुकानदार, जिनके पास एसबीआई स्वाइप मशीन की सुविधा है। वहां यह सेवा शुरू की जाएगी। ग्राहकों को इस सेवा के शुरू होने से तत्काल आवश्यकता होने पर बगैर एटीएम के भी नकद रुपये उपलब्ध कराया जाएगा।

अभी और सताएगी गर्मी, पानी-बिजली भी गुल


नई दिल्ली। पूरा भारत गर्मी और लू के थपेड़ों से जूझ रहा है। दिल्लीवालों को अगले दो-तीन दिनों तक इस चिलचिलाती धूप और गर्मी से राहत मिलने की भी कोई संभावना नहीं है, क्योंकि मौसम विभाग का अनुमान है कि 10 जून तक शहर का अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहेगा।
आज दिल्ली में पारा 45 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। वहीं उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान के ज्यादातर हिस्सों में तापमान सामान्य से उपर है। शनिवार को इलाहाबाद में अधिकतम तापमान 48.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि राजस्थान में भी गर्मी हद से ज्यादा रही और राजधानी जयपुर में गर्मी ने 116 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है।
आज जयपुर में तापमान 46.8 डिग्री रहा। वहीं अलवर में पारा 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। झालावाड़ में तापमान 48.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। हरियाणा के हिसार में पारा सामान्य से पांच डिग्री उपर 46.5 रिकॉर्ड किया गया। पंखा, कूलर, एसी सब बेकार दिख रहे हैं। जब तक मानसून दस्तक नहीं देता इसी जानलेवा गर्मी से पाला पड़ता रहेगा। साथ ही बिजली का संकट बदस्तूर जारी है।
तपती गर्मी के साथ दिल्ली के लोग बिजली कटौती से भी खासे परेशान हैं। दिल्ली एनसीआर के कई इलाकों में बिजली की भारी कटौती देखी जा रही है, जिसके चलते पानी की भी समस्या शुरू हो गई है। कभी रात में तो कभी दिन में बिजली कटौती की जा रही है। ऐसे में पहले से ही गर्मी से परेशान लोग प्रदर्शन कर रहे हैं।

अफगानिस्तान में बाढ़ में 70 से अधिक की मौत


 
कुदुज: उत्तरी अफगानिस्तान के सुदूरवर्ती हिस्से में बाढ़ के कारण 70 से अधिक लोगों की मौत हो गई, सैकड़ों मकान बह गए और हजारों लोग बेघर हो गए। बगलान प्रांत के प्रवक्ता जावेद बशरात ने बताया कि लोगों ने मकान, संपत्ति, गांव, खेत, मवेशी सब खो दिए हैं। उन्होंने कहा कि उनके पास जिंदा रहने के लिए कुछ भी नहीं बचा यहां तक कि पीने का पानी भी नहीं।
अफगान आपदा प्रबंधन के अधिकारियों ने बताया कि वे बाढ़ से प्रभावित इलाकों में भोजन और चिकित्सा सामग्री पहुंचाने के लिए जूझ रहे हैं। प्रांत के राज्यपाल सुल्तान मोहम्म्द एबादी ने कहा कि मृतकों की संख्या 74 पहुंच गई है और यह तादाद और बढ़ सकती है।

श्रीलंका नौसेना ने 73 भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार किया

कोलंबो। श्रीलंका की नौसेना ने अपने जल क्षेत्र में मछली पकड़ने के आरोप में 73 भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी राष्ट्रपति महिंदा राजपक्षे के 33 भारतीय मछुआरों की रिहाई के आदेश के महज कुछ दिनों बाद हुई है।
नौसेना के प्रवक्ता कोसला वार्नाकुलसूर्या के हवाले से शिन्हुआ ने रविवार को बताया कि 41 भारतीयों को उत्तरी तालईमन्नार जलक्षेत्र से सात नावों के साथ पकड़ा गया। जबकि अन्य 32 मछुआरे आठ नावों समेत उत्तर में डेल्फ्ट द्वीप के समीप गिरफ्तार किए गए। उन्होंने कहा कि आगामी कार्रवाई के लिए पकड़े गए मछुआरों को संबंधित अधिकारियों के हवाले कर दिया गया है।
पिछले सप्ताह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई वाली नई भारतीय सरकार के प्रति सद्भावना व्यक्त करने के लिए श्रीलंका के राष्ट्रपति ने 33 मछुआरों को रिहा करने का आदेश दिया था। इन्हें 31 मई को कच्चातिवु के समीप पकड़ा गया था। हालांकि श्रीलंकाई मछुआरों ने इसके बदले अपने देश के मछुआरों को नहीं छोड़ने का भारत पर आरोप लगाया है।

बगदाद में कार बम विस्फोटों में 44 की मौत

 
बगदाद: इराक की राजधानी में शनिवार रात हुए एक के बाद कई कार बम विस्फोटों में कम से कम 44 लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने बताया कि बगदाद में हुए हमले शिया इलाकों को निशाना बनाकर किए गए। इस बीच उत्तरी इराक में एक अलग संघर्ष में 21 पुलिस अधिकारी और 38 आतंकी मारे गए। बगदाद में शनिवार रात पहला हमला बाइया जिले में हुआ, जिसमें नौ लोग मारे गए और 22 घायल हो गए। बाद में बगदाद के विभिन्न हिस्सों में सात कार बम धमाके हुए, जिसमें कम से कम 35 व्यक्ति मारे गए और 62 अन्य घायल हुए। सभी हमले एक घंटे के भीतर हुए।
इससे पहले दिन में बंदूकधारियों ने अनबार विश्वविद्यालय के गेट पर तैनात तीन पुलिस अधिकारियों को मार डाला और फिर विश्वविद्यालय के भीतर दर्जनों छात्रों को हिरासत में ले लिया।
एक छात्र अहमद अल महमदी ने बताया कि वह गोलीबारी की आवाज सुनकर उठा और खिड़की से देखा कि काले कपड़े पहने सशस्त्र लोग परिसर में दौड़ रहे हैं। कुछ मिनट बाद वे डोरमेटरी में दाखिल हुए और हर किसी से कक्षा में ही रहने को कहा, जबकि अन्य को ले गए। अल महमदी ने बताया कि शिया छात्र भयभीत हैं।
हमलावरों ने खुद को अल कायदा से अलग गुट का बताया, जिसे इस्लामिक स्टेट ऑफ इराक के नाम से जाना जाता है। इस गुट ने तत्काल स्कूल पर हमले की जिम्मेदारी नहीं ली। कई घंटे बाद बंदूकधारी अस्पष्ट परिस्थितियों में विश्वविद्यालय से चले गए।

अमेरिका में 6 साल की बच्ची को कुत्तों ने काट खाया

लॉस एंजिलिस : अमेरिका के सिनसिनाटी राज्य में दो कुत्तों ने छह वर्षीय एक लड़की को काट खाया है और वह जिंदगी के लिए संघर्ष कर रही है।

लड़की के परिवार ने आज बताया कि जैनाबोउ ड्रामे की हालत अभी भी गंभीर है और वह कोमा में है। लड़की के अभी कई ऑपरेशन किए जाने हैं और उसका उपचार किया जा रहा है।

लड़की के परिवार के सदस्य लेसली मैकईलार्थ ने बताया, इस समय वह आराम कर रही हैं और मैं उम्मीद करता हूं कि वह कुछ सप्ताह में ठीक हो जाएगी। मैकईलार्थ ने बताया कि उसे अपने छोटे भाई के साथ खेलना पसंद है और वह पढना सीख रही है। वह छह वर्ष की एक सामान्य बच्ची है।

सिनसिनाटी पुलिस ने बताया कि बुधवार को कुत्तों ने जैनाबोउ का पीछा किया और उसे काट खाया। लड़की की चाची ने सिनसिनाटी इनक्वायरर को बताया कि कुत्तों के हमले में जैनाबोउ का जबड़ा, जीभ और आंख क्षतिग्रस्त हो गया है।