Tuesday, 8 April 2014

नामांकन से पहले वडोदरा में मोदी का रोड शो

वडोदरा। गुजरात के मुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी कल वडोदरा में अपने नामांकन से पहले खुली गाड़ी में सवार होकर एक रोड शो करेंगे। उनकी सुरक्षा के लिए एसपी स्तर के चार और डीएसपी स्तर के 10 अधिकारियों समेत 1500 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात होंगे।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि मोदी पर आंतकी संगठनों की भी नजर होने के चलते उनकी सुरक्षा में कोई भी कसर नहीं छोड़ी जा रही है। रोड शो क्षेत्र कीर्ति स्तंम्भ से कलेक्टरऑफिस तक सुरक्षा निगरानी के लिए एसपी स्तर के चार डीएसपी स्तर के 10 इंस्पेक्टर स्तर के 50 सब इंस्पेक्टर स्तर के 150 पुलिस के 950 जवान, एसआरपी की चार कंपनियां और करीब 200 महिला पुलिसकर्मी तैनात रहेंगी।
रोड शो के रास्ते में चप्पे चप्पे पर पुलिस की तैनाती रहेगी और इन क्षेत्रों में आज से ही सघन तलाशी अभियान भी जारी है। मोदी सुबह साढ़े नौ बजे हरिणी एयरपोर्ट पहुंचेंगे और नगर के कीर्ति स्तंभ से कलेक्टर ऑफिस तक लगभग दो किमी लंबा रोड शो करेंगे। उनके साथ पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष आर सी पांल्दू और अन्य वरिष्ठ पार्टी नेता भी रहेंगे।
वडोदरा में राज्य की सभी 26 लोकसभा सीटों पर एक साथ 30 अप्रैल को मतदान होगा। नामांकन की अंतिम तिथि नौ अप्रैल है। वडोदरा में मोदी के खिलाफ कांग्रेस ने अपने राष्ट्रीय महासचिव मधुसूदन मिस्त्री को प्रत्याशी बनाया है जो पार्टी उपाध्यक्ष राहुल गांधी के करीबी माने जाते हैं।

मोदी लहर से मेरी जीत सुनिश्चित: राव इंद्रजीत सिंह

गुड़गांव। गुड़गांव लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी राव इंद्रजीत सिंह का मानना है कि देशभर में चल रही मोदी की लहर उनकी जीत में सहायक बनेगी। लगभग 35 साल तक कांग्रेस में रहने के बाद राव इंद्रजीत सिंह ने भाजपा का दामन थामा है। भाजपा का दामन थामने के बाद आलोचकों द्वारा अवसरवादी कहे जाने पर पूर्व केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह का कहना है कि आंतरिक राजनीति का शिकार होने की वजह से उन्हें कांग्रेस छोड़नी पड़ी।
इस सीट से तीन बार लोकसभा का प्रतिनिधित्व कर चुके इंद्रजीत पिछले साल सितंबर में कांग्रेस से नाता तोड़ने के बाद इस साल फरवरी में भाजपा में शामिल हुए थे। इस बार आम आदमी पार्टी [पार्टी] के वरिष्ठ नेता योगेंद्र यादव में उनके खिलाफ चुनाव मैदान में हैं। योगेंद्र यादव के चुनाव मैदान में कूदने से गुड़गांव लोकसभा सीट पर मुकाबला बेहद दिलचस्प हो गया है और देश की नजरें इस सीट पर लग गई हैं। सन् 2009 में बसपा प्रत्याशी जाकिर हुसैन को हराने वाले राव इंद्रजीत को इस बार भी अपनी जीत का पूरा भरोसा है।
हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत राव बीरेंद्र सिंह के बेटे इंद्रजीत संप्रग के पहले कार्यकाल में राज्यमंत्री थे। उन्होंने कहा कि प्रचार के समय मुझे अहसास हुआ कि मतदाता इससे अवगत हैं कि (संप्रग) सत्ता विरोधी लहर पर कौन सर्वश्रेष्ठ उम्मीदवार होगा। दिल्ली में जैसा उन्होंने किया वैसा वे नहीं कर सकते। आम आदमी पार्टी की आलोचना करते हुए सिंह ने कहा कि यह एक स्वयंभू संगठन है जो लगातार लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं का मान घटा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि मेरी स्पर्धा सिर्फ इंडियन नेशनल लोकदल उम्मीदवार हुसैन से है, क्योंकि मेवात क्षेत्र में उनकी मजबूत पकड़ है। इंद्रजीत ने कहा कि गुड़गांव में भी मोदी लहर है और इसके कारण मुझे व्यापक समर्थन मिल रहा है।
सिंह ने हरियाणा के मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर इस क्षेत्र की अनदेखी का आरोप लगाते हुए कहा कि विकास का कार्य कुछ चुने हुए क्षेत्रों तक सीमित रह गया। मैंने लगभग 36 साल तक कांग्रेस की सेवा की, परंतु पिछले 10 साल से मेरे साथ कैसा सलूक किया गया यह सब जानते हैं। हुड्डा सरकार का सारा ध्यान नए गुड़गांव के विकास में रहा, जबकि पुराने गुड़गांव की उपेक्षा की गई। कांग्रेस से अलग होने के बाद राव इंद्रजीत ने हरियाणा इंसाफ मंच का गठन किया था। भाजपा में शामिल होने के साथ ही उसका विलय भी पार्टी में कर दिया गया था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में मेरी सुनवाई नहीं हो रही थी, इसलिए मैंने अपनी आवाज उठाने के लिए इंसाफ मंच का गठन किया। राव इंद्रजीत ने कहा कि कुछ राजनेताओं द्वारा भूमि हथियाने के मुद्दों को मैं शिद्दत से उठाता रहूंगा। 63 वर्षीय नेता ने कहा कि वे पुराने गुड़गांव में ढांचागत विकास की दिशा में काम करेंगे। उन्होंने माना कि पुराने गुड़गांव क्षेत्र में पब्लिक ट्रांसपोर्ट एक बड़ी समस्या है। मैं सुनिश्चित करूंगा कि द्वारका मेट्रो पुराने गुड़गांव के क्षेत्र से जुड़े। मेट्रो आने के बाद केवल गुड़गांव के नवविकसित क्षेत्रों का ही तेजी से विकास हुआ है।

इंडिया 9 बजे: केजरीवाल को थप्पड़ क्या सियासत?


नई दिल्ली। आईबीएन7 के खास शो इंडिया नौ बजे में आज के सवाल है- केजरीवाल को थप्पड़ साजिश या सियासत? केजरीवाल को ही बार-बार थप्पड़ क्यों ? क्या थप्पड़
की राजनीति से चुनावी लाभ? क्या अधूरे वादों को लेकर जनता गुस्से में है? क्या नेताओँ के लिए सुरक्षा लेना जरूरी है? इन सवालों पर अपनी राय दें। आपकी राय रात नौ बजे शो के प्रसारण में शामिल की जाएगी।

कांग्रेस से अजय राय लड़ेंगे मोदी के खिलाफ

ajay-rai
वाराणसी से कांग्रेस ने नरेंद्र मोदी के खिलाफ अपने कैंडिडेट का ऐलान कर दिया है। अजय राय बनारस में मोदी को चुनौती देंगे। उनके नाम की चर्चा काफी समय से हो रही थी। कांग्रेस ने कहा था कि मोदी के खिलाफ वह मजबूत कैंडिडेट उतारना चाहती है, लेकिन इस नाम के ऐलान में काफी वक्त लगा। इस बीच दिग्विजय सिंह से लेकर आनंद शर्मा तक काफी कांग्रेसी नेताओं ने बनारस से चुनाव लड़ने की इच्छा जाहिर की थी। आखिरकार पार्टी ने अजय राय को टिकट देने का फैसला किया है।

पांच बार से विधायक अजय राय दो बार पार्टी बदल चुके हैं। वह बीजेपी में भी रहे हैं। इस वक्त वह पिंडरा से कांग्रेस के एमएलए हैं। राय को चुनने की वजह यह हो सकती है कि वह भूमिहार हैं और लोकल हैं। साथ ही उन्होंने 2009 के लोकसभा चुनावों में कड़ी टक्कर दी थी।

पिछले लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी के कैंडिडेट के रूप में चुनाव लड़ने वाले अजय राय तीसरे नंबर पर रहे थे, यह चुनाव बीजेपी के मुरली मनोहर जोशी ने थोड़े अंतर से जीता था। कांग्रेस लीडर्स ने बताया कि बाहर से उतारे गए किसी कैंडिडेट की तुलना में उनका आकर्षण कहीं ज्यादा होगा। साथ ही ब्राह्मण-भूमिहार कम्युनिटीज में उनका अच्छा सपोर्ट बेस है।

इससे पहले राजेश मिश्रा का नाम भी चर्चा में था लेकिन कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक यूपी में बीजेपी के टिकट बंटवारे से ब्राह्मण-भूमिहार कम्युनिटी नाखुश है, ऐसे राजेश मिश्रा की तुलना में राय की उम्मीदवारी इस असंतोष का बेहतर तरीके से फायदा उठा पाएगी। 2009 के इलेक्शन में कांग्रेस ने राजेश मिश्रा को कैंडिडेट बनाया था, लेकिन वह चौथे नंबर पर रहे थे। 2009 के चुनाव में वाराणसी से लोकसभा का टिकट न दिए जाने के कारण अजय राय ने बीजेपी छोड़ दी थी।

BJP को दोहरा झटका, प्रधान-तिवारी SP में

लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी यूपी इकाई को आज समाजवादी पार्टी ने दोहरा झटका दिया। चार बार सांसद रहे अशोक प्रधान और डुमरियागंज से तीन बार विधायक रहे प्रेम प्रकाश तिवारी बीजेपी छोड़कर सपा में शामिल हो गए। बीजेपी ने कहा है कि लोकसभा टिकट न मिलने की वजह से ही दोनों ने पार्टी छोड़ी है।
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय सचिव और अटल बिहारी वाजपेयी सरकार में मंत्री रहे अशोक प्रधान ने आज सपा में शामिल होने की घोषणा की। सपा अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव ने यहां पार्टी मुख्यालय में प्रधान को सपा की सदस्यता दिलाई और उन्हें राष्ट्रीय महासचिव नियुक्त करने की घोषणा की।
इस मौके पर प्रधान ने कहा कि अब बीजेपी अटल और आडवाणी वाली बीजेपी नहीं रही। वहां सिद्धांतों को ताक पर रखकर शीर्ष सत्ता पाने के लिए संघर्ष चल रहा है। अशोक प्रधान खुर्जा लोकसभा सीट से चार बार सांसद रह चुके हैं। पिछले लोकसभा चुनाव में उन्हें बुलंदशहर से टिकट दिया गया था, लेकिन वह हार गए थे।
सूत्रों के अनुसार इस बार वह हाथरस से टिकट मांग रहे थे, लेकिन बीजेपी के दिग्गज नेता कल्याण सिंह के विरोध की वजह से उन्हें टिकट नहीं मिला। सपा में शामिल होने के बाद प्रधान ने कहा कि वह मुलायम के नेतृत्व में दलितों और किसानों के अधिकारों की लड़ाई लड़ेंगे। इस मौके पर मुलायम ने कहा कि लोग बीजेपी छोड़ रहे हैं। बीजेपी में भगदड़ मची है। इसका कारण है कि भाजपा में पार्टी पर कब्जा करने की होड़ मची है।
बीजेपी के प्रदेश प्रवक्ता विजय बहादुर पाठक ने अपनी प्रतिक्रिया में कहा कि अच्छा होता कि अशोक प्रधान और प्रेम प्रकाश तिवारी संयम का परिचय देते और पार्टी की जीत का इंतजार करते, लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया। उन्होंने कहा कि प्रधान और विधायक रह चुके तिवारी को टिकट नहीं मिला तो उन्हें बीजेपी में बुराइयां नजर आ रही हैं।
प्रेम प्रकाश तिवारी उर्फ पी.पी. तिवारी का डुमरियागंज में खासा रसूख है। वह तीन बार बीजेपी के विधायक रहे और इस बार डुमरियागंज से लोकसभा का टिकट मांग रहे थे, लेकिन पार्टी ने कांग्रेस छोड़कर आए वरिष्ठ नेता जगदंबिका पाल को यहां से उम्मीदवार बना दिया।

अमेरिकी राष्ट्रपति के एंबेसडर चुने गए सलमान खान


अमेरिकी राष्ट्रपति के एंबेसडर चुने गए सलमान खानवाशिंगटन। भारतीय मूल के सलमान खान को अमेरिकी राष्ट्रपति की प्रेसिडेंशियल एंबेसडर फॉर ग्लोबल एंटरप्रेन्योरशिप (PAGE) में एम्बेसडर नियुक्त किया गया है। व्हाइट हाउस ने जानकारी देते हुए बताया कि कारोबारी जगत का संगठन PAGE
नए उभरते हुए उद्यमियों के लिए बनाया गया है।
 
ओबामा ने पहली बार ग्लोबल एंटरप्रेन्योरशिप इनीशिएटिव की अध्यक्षता भी की। यह एक ऐसा संगठन है, जिसमें अमेरिकी उद्योगपति अपने आइडियाज, अनुभव, समय और अगली जनरेशन को बिजनेस के गुर सिखाने के लिए इकट्ठा होते हैं।
 
कोलकाता की मां और बांग्लादेशी पिता के बेटे सलमान खान गणित और विज्ञान ने जुड़े करीब 4800 वीडियो ट्यूटोरियल अपलोड कर चुके हैं। यूट्यूब पर खान एकेडमी चैनल पर उनके 16 लाख से भी ज्यादा सब्सक्राइबर्स हैं। उनके वीडियोज को 355 मिलियन बार देखा जा चुका है। 
 
व्हाइट हाउस ने बताया कि PAGE के सदस्य और पॉलिसी मेकर्स एक साथ बैठकर चर्चा करते हैं कि कैसे इनोवेशन और एंटरप्रेन्योरशिप के लिए माहौल बनाया जा सके।

भारत, चीन से प्रतिस्पर्धा का सामना कर रहा अमेरिका: ओबामा

वाशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा को रह रह कर भारत और चीन के छात्रों से अमेरिकी छात्रों को कड़ी चुनौती मिलने की चिंता रहती है। एक बार फिर उन्होंने इसके प्रति अमेरिकी छात्रों को आगाह किया है। साथ ही उम्मीद जताई कि युवा अमेरिकी उनके बराबर या उससे ज्यादा काम कर सकते हैं।
ओबामा ने सोमवार को मैरीलैंड में छात्रों को संबोधित करते हुए कहा,'आप सभी युवा उम्र के उस पड़ाव में पहुंच रहे हैं जहां अच्छी नौकरियों के लिए आपकी स्पर्धा सिर्फ एक शहर के नौजवानों से नहीं होगी बल्कि आपको पूरी दुनिया से स्पर्धा करनी होगी। भारत और चीन के युवा इस बात में दिलचस्पी रखते हैं कि वे कैसे इस वैश्रि्वक अर्थव्यवस्था में अपने पैर जमा सकते हैं। आपकी प्रतिस्पर्धा इनके खिलाफ है। मुझे विश्वास है कि वे जो करते हैं आप वैसा या उससे ज्यादा कर सकते हैं, लेकिन हम पूर्व में किए गए काम पर संतोष जताकर ऐसा नहीं कर सकते। हमें औरों से अलग कुछ नया करना होगा। इसके लिए नए तरीके ईजाद करने होंगे।'