Thursday 1 May 2014

प्रियंका ने दिया नरेंद्र मोदी को जवाब, मैं राजीव की बेटी हूं

नई दिल्ली। बीजेपी के पीएम उम्मीदवार नरेंद्र मोदी और प्रियंका वाड्रा के बीच जुबानी तीर थम नहीं रहे हैं। मोदी ने कहा कि प्रियंका उनकी बेटी जैसी हैं। प्रियंका ने इसका जवाब देते हुए कहा कि वो राजीव गांधी की बेटी हैं। इससे पहले भी प्रियंका कई बार मोदी पर हमला बोल चुकी हैं। लेकिन ये शायद पहला मौका था जब मोदी ने भी प्रियंका का नाम लिया। प्रियंका बनाम नरेंद्र मोदी की इस जंग में बीजेपी और कांग्रेस भी कूद पड़ है।
मैं राजीव गांधी की बेटी हूं, आप सोच रहे होंगे कि प्रियंका को ये बयान देने की जरूरत आखिर क्यूं पड़ी। तो आपको बता दें कि प्रियंका ने ये जवाब तब दिया जब पत्रकारों ने उनसे नरेंद्र मोदी के बयान के बारे में पूछा। दरअसल बीजेपी के पीए पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी ने कहा था कि प्रियंका उनकी बेटी जैसी है लिहाजा वो उनके बारे में कुछ नहीं कहेंगे। आप खुद ही देखिए कि जब प्रियंका से मोदी के इस बयान के बारे में पूछा गया तो उनके हाव भाव बदल गए और प्रियंका ने साफ शब्दों में कहा कि वो राजीव गांधी की बेटी हैं।
प्रियंका बनाम मोदी की जंग का ये पहला नमूना नहीं है। इस बार अपने यूपी दौरे में प्रियंका ने खुलकर मोदी पर हमला बोला है। हालांकि मोदी प्रियंका पर हमला करने से बचते रहे हैं। अभी तक उनके सीधे निशाने पर सोनिया, राहुल और राबर्ड वाड्रा ही रहे हैं।
मामला प्रियंका गांधी का है लिहाजा कांग्रेस ने भी आक्रामक अंदाज में नरेंद्र मोदी और बीजेपी पर हमला कर दिया हैं। बीजेपी ने भी हमले का पुरजोर जवाब दिया है। कांग्रेस नेता राशिद अल्वी ने कहा कि प्रियंका गांधी ने सही कहा कि मोदी का दिल कुछ ज्यादा ही मांगता है, बच्चे जैसे हैं तभी तो कानून की जानकारी नहीं है।
वहीं पी चिदंबरम ने कहा कि ये अच्छी बात है कि वो प्रियंका को अपनी बेटी की तरह मानते हैं, लेकिन प्रियंका ऐसा नहीं मानतीं।
चुनावी माहौल में नेताओं ने एक दूसरे पर जमकर तीखे वार किए। और तो और व्यक्तिगत हमलों के लिए भी ये चुनाव याद रखा जाएगा। 16 मई के बाद पचा चलेगा कि जनता को नेताओं का ये अंदाज कितना पसंद आया।
ये शायद पहला चुनाव हैं जिसमें व्यक्तिगत हमलों को लेकर मर्यादाओं की सीमाएं खुलकर लांघी गईं, ऐसे में ये देखना बेहद दिलचस्प होगा कि चुनाव नतीजे आने के बाद जब देश की सबसे बड़ी पंचायत एक साथ बैठेगी तब नेताओं के बीच चुनावी कड़वाहट का कैसा और कितना असर होगा।

No comments:

Post a Comment