Monday 26 May 2014

मोदी संभालेंगे रक्षा मंत्रालय, वित्तमंत्री जेटली देंगे साथ!

नई दिल्ली। देश के 15वें प्रधानमंत्री के तौर पर नरेंद्र मोदी अब से कुछ ही घंटों बाद शपथ लेने वाले हैं। इससे पहले गुजरत भवन राजनीतिक सरगर्मियों का केंद्र बना हुआ है। मोदी के संभावित मंत्रियों का गुजरात भवन आना-जाना लगा है। मोदी कैबिनेट की सूरत लगभग तय मानी जा रही है।
मोदी के साथ 44 मंत्री लेंगे शपथ
मोदी के अलावा कुल 44 मंत्री शपथ लेंगे। इनमें से 23 कैबिनेट, 11 राज्य मंत्री और 10 राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार होंगे। कैबिनेट मंत्री के तौर पर राजनाथ सिंह, अरुण जेटली, सुषमा स्वराज नितिन गडकरी और वेंकैया नायडू शपथ लेंगे। जबकि राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार के तौर पर वीके सिंह, राव इंद्रजीत सिंह, संतोष कुमार गंगवार, धर्मेंद्र प्रधान, प्रकाश जावड़ेकर और पीयूष गोयल जैसे नाम शामिल हैं।
रक्षा मंत्रालय अपने पास रखेंगे मोदी
वहीं राज्यमंत्री के तौर पर जीएम सिद्धेश्वरा, उपेंद्र कुशवाहा, धनजभाई वसावा, विष्णु देव सहाय और सुदर्शन भगत के नाम शामिल हैं। वहीं मंत्रालयों की बात करें तो रक्षा मंत्रालय की जिम्मेदारी मोदी खुद अपने पास रखेंगे। जबकि राजनाथ सिंह को गृह मंत्रालय मिलना तय है। इसके अलावा सुषमा को विदेश मंत्रालय और जेटली को वित्त मिलने की पूरी संभावना है।
किसे कौन सा मंत्रालय
राजनाथ सिंह- गृह मंत्रालय
स्मृति ईरानी- मानव संसाधन विकास मंत्रालय
वैंकेया नायडू- कृषि मंत्रालय
अरुण जेटली- वित्त मंत्रालय के साथ रक्षा मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार
नितिन गडकरी- परिवहन, नागरिक उड्डयन मंत्रालय
सुषमा स्वराज- विदेश मंत्रालय
रविशंकर प्रसाद- सूचना प्रसारण, टेलीकॉम मंत्रालय
अजित डोभाल- राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार
डॉ. हर्षवर्धन- स्वास्थ्य मंत्रालय
‘टी’ पार्टी में बुलाए संभावित मंत्री
नरेंद्र मोदी ने गुजरात भवन से फोन करके सभी संभावित मंत्रियों को चाय पर बुलाया। मोदी के बुलाने पर सभी एक-एक करके मिलने पहुंचे। बताया जा रहा है कि इसमें गंठबंधन के नेताओं और सांसदों के भी नाम हैं। शिवसेना से अनंत गीते आज शपथ लेंगे। शिवसेना नेता संजय राउत ने कहा है कि शिवसेना की भूमिका सक्रिय औऱ महत्वपूर्ण रहेगी। हम सबसे पुराने सहयोगी हैं। ये पार्टी रिश्ते को एहमियत देती है।
जिन नेताओं को मोदी की तरफ से बुलावा आया है उनमें अरुण जेटली, सुषमा स्वराज, मेनका गांधी, निर्मला सीतारमन, हर्षवर्धन, प्रकाश जावडेकर, नितिन गडकरी, जनरल वीके सिंह, अनंत कुमार, राजनाथ सिंह, उमा भारती, रामविलास पासवान, नजमा हेपतुल्ला, रविंशकर प्रसाद, कलराज मिश्रा और राधामोहन सिंह भी शामिल हैं।
मोदी की ‘टी’ पार्टी में नहीं आए कई दिग्गज
वैसे कई ऐसे नाम भी हैं जिनको लेकर अटकलबाजी तो लगाई जा रही थी, लेकिन वे मोदी की टी पार्टी में नजर नहीं आए। इसमें राजीव प्रताप रूडी, अनुराग ठाकुर, शामिल हैं। इसके अलावा डॉ. मुरली मनोहर जोशी की गैरमौजूदगी से भी यह संभावना प्रबल हो गई है कि वह नरेंद्र मोदी की सरकार का हिस्सा नहीं होंगे।

No comments:

Post a Comment