Monday 2 January 2012

लेह में पारा -17.2, तस्‍वीरों में देखिए सर्दी का हाल



 नए साल के दूसरे दिन, सोमवार को भी कोहरे से निजात नहीं मिली है। पूरा उत्‍तर भारत घने कोहरे की चपेट में है। रविवार को हुई बारिश के चलते तापमान भी गिरा है।  

श्रीनगर में शीतलहर ने इस साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। दूसरी तरफ, दिल्ली और हिमाचल प्रदेश में बारिश होने के बावजूद तापमान कुछ बढ़ गया। पूरी कश्‍मीर घाटी में न्‍यूनतम तापमान में कुछ बढ़ोतरी हुई है जबकि लेश में अब भी हाड़ कंपाने वाली सर्दी पड़ रही है। लेह शहर का तापमान शून्‍य से 17.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया है। हालांकि लद्दाख के कुछ सुदूर इलाकों में रात का तापमान अपेक्षाकृत अधिक रहा।

उत्तर प्रदेश के अधिकतर इलाकों में रविवार को बारिश हुई। फतेहगढ़ और हमीरपुर में तीन सेमी बारिश हुई। वहीं, आगरा और अलीगढ़ में दो-दो सेमी बारिश हुई। विशेषज्ञों ने अगले 24 घंटों में कुछ और इलाकों में बारिश की संभावना जताई है। तापमान के गिरने से ठंड लौटने की संभावना है। वहीं, कृषि विशेषज्ञों का कहना है कि यह बारिश रबी की फसल खासकर गेहूं, तिलहन और दालों के लिए काफी अच्छी है।  

जम्मू-कश्मीर में इस बार की ठंड के सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए। लेह में तापमान शून्य से 19 डिग्री नीचे चला गया था। नजदीकी इलाके करगिल का तापमान शून्य से 16 डिग्री नीचे दर्ज किया गया। वहीं श्रीनगर का तापमान शून्य से 4.9 डिग्री नीचे रहा। तापमान गिरने से डल झील और पानी के अन्य स्रोत जम गए।  

हिमाचल प्रदेश में साल के पहले दिन कई हिस्सों में बारिश हुई। भारी ठंड के चलते डलहौजी की पंजपूला झील जम गई है। चोटियों पर बर्फबारी से शीतलहर बढ़ गई है। हिल स्टेशन माउंट आबू में न्यूनतम तापमान 1.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

शिमला सहित पूरे हिमाचल में अगले कुछ दिनों में बारिश और बर्फबारी के आसार बन गए हैं। इससे कड़ाके की ठंड में और इजाफा हो सकता है। चार जनवरी से प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है जिससे अगले तीन दिन तक बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। अभी विक्षोभ जम्मू कश्मीर की सीमा के साथ सक्रिय है। हिमाचल मौसम विभाग के निदेशक डॉ. मनमोहन सिंह के अनुसार तीन जनवरी को प्रदेश के ऊंचाई वाले स्थानों पर हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना है।
दिल्ली समेत उत्तर भारत के अन्य हिस्सों में भी बारिश होने के बावजूद तापमान कुछ डिग्री ऊपर बढ़ा। दिल्ली में न्यूनतम तापमान जहां 8.4 डिग्री और अधिकतम 19.5 डिग्री रहा। पंजाब के लुधियाना में पांच और पटियाला में छह डिग्री तापमान रहा जो सामान्य से एक डिग्री ज्यादा था। दूसरी तरफ हरियाणा के अंबाला में 6.8 डिग्री तापमान था, जो सामान्य से एक डिग्री ज्यादा था।

कुछ तस्‍वीरों के जरिए देखिए सर्दी का हाल:


 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 

No comments:

Post a Comment