Thursday 12 January 2012

अब ईसाई समुदाय ने किया सूर्य नमस्कार का विरोध



मध्य प्रदेश के स्कूलों में आज लाखों की संख्या में छात्रों ने विवादों के बीच सूर्य नमस्कार किया। लेकिन मध्य प्रदेश सरकार की इस मुहिम पर राजनीति भी तेज हो गई है। मुस्लिम धर्मगुरुओं की तरफ से सूर्य नमस्कार के खिलाफ फतवा जारी करने के बाद ईसाई समाज ने भी सूर्य नमस्कार का विरोध किया है।

ईसाई महासंघ (आईएमएस) ने कहा है कि वह गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड के अधिकारियों से संपर्क करेगा ताकि मध्य प्रदेश सरकार द्वारा प्रायोजित यह कार्यक्रम रिकॉर्ड के तौर पर दर्ज न किया जाए।

ईसाई महासंघ की नज़र में सूर्य नमस्कार बहुधर्मी समाज में सांप्रदायिकता को बढ़ावा देता है। ईसाई महासंघ के मध्य प्रदेश ईकाई के महासचिव जेरी पॉल ने कहा, राज्य में विभिन्न धर्मों को मानने वाले लोग रहते हैं। मुस्लिम धर्म गुरुओं ने भी सूर्य नमस्कार को मूर्ति पूजा जैसा मानते हुए गैर इस्लामी ठहराया था और इसके खिलाफ फतवा जारी कर दिया था।

इस बीच, मध्य प्रदेश के 6 हजार से ज़्यादा स्कूलों में गुरुवार को बच्चों ने एक साथ सूर्य नमस्कार किया। सूर्य नमस्कार शुरू करने का संकेत आकाशवाणी के जरिए दिया गया था। यह कार्यक्रम स्वामी विवेकानंद की जयंती के अवसर पर आयोजित किया गया। भोपाल के नवीन कन्या हायर सेकंडरी (ओल्ड कैंपियन) स्कूल में सूर्य नमस्कार कार्यक्रम में शामिल होने के बाद पत्रकारों से बातचीत में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पूरे विवाद पर सफाई देते हुए कहा, 'सूर्य नमस्कार का संबंध बच्चों के अच्छे स्वास्थ्य से है। किसी धर्म विशेष के फायदे के लिए हम सूर्य नमस्कार नहीं कर रहे हैं। यह एक योग का आसन है, जिसे करने से हर व्यक्ति स्वस्थ रह सकता है। हमने वैसे भी कार्यक्रम को स्वैच्छिक रखा है। किसी पर दबाव नहीं है कि उसे जरूर करे।'

शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि सूर्य नमस्कार कार्यक्रम रिकार्ड के लिए भी नहीं किया जा रहा है। हमारा उद्देश्य योग शिक्षा को घर-घर तक पहुंचाना है, उसी कड़ी में इसे स्कूलों में बच्चों को करवाया जा रहा है। बताया जा रहा है कि चौहान ने अपने बाएं हाथ में हुए ऑपरेशन और 15 टांके लगे होने के बाद भी सूर्य नमस्कार किया। आयोजन के रिकॉर्ड को दर्ज करने के लिए प्रदेश सरकार ने अधिकारियों को नियुक्त किया था। इसे गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड के अधिकारियों को भेजा जाएगा। लेकिन रिकॉर्ड बना या नहीं, यह साफ होने में कुछ हफ्तों का वक्त लग सकता है।

No comments:

Post a Comment