Tuesday 5 November 2013

मोदी को पार्टी से ऊंचा दिखाना भाजपा की गलती: चिदंबरम

Image Loadingवित्त मंत्री पी चिदंबरम ने मंगलवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) गुजरात के मुख्यमंत्री नरेन्द्र मोदी को पार्टी से भी बड़ा दिखाकर गलती कर रही है जिसका एहसा स उसे जल्द होगा। चिदंबरम ने कहा भाजपा एक व्यक्ति को पार्टी से भी बड़ा दिखा रही है। उन्हें जल्द ही अपनी गलती का एहसास होगा।

अभी नहीं तो निकट भविष्य में यह होगा। संसदीय लोकतंत्र में आप किसी व्यक्ति को पार्टी से बड़ा नहीं दिखा सकते हैं। उन्होंने कहा यहां राष्ट्रपति प्रणाली वाली सरकार नहीं है। मुझे लगता है कि सभी भाजपा नेता यह मान बैठे हैं कि देश में एक राष्ट्रपति का चुनाव होना है और वह सभी राष्ट्रपति के सचिवालय में मंत्री बनेंगे। हमारे देश में इस तरह की प्रणाली नहीं है।

चिदंबरम ने कहा कि मोदी राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की विचारधारा को आगे बढ़ा रहे हैं जो कि उनके विचार में भाजपा की विचारधारा से ज्यादा खतरनाक है। वित्त मंत्री ने कहा इस सब के पीछे पूरी तरह से संघ का हाथ है। इसलिये आज मोदी जो कुछ प्रचार कर रहे हैं, वह भाजपा की विचारधारा नहीं है बल्कि संघ की विचारधारा है हम संघ की विचारधारा को खतरनाक मानते हैं। यह भाजपा की विचारधारा से भी खराब है।

उन्होंने कहा कि भाजपा चुनावी राजनीति के चलते अपनी नीतियों में नरमी लाने को मजबूर हुई है लेकिन संघ को चुनाव नहीं लड़ना है, इसलिये वह किसी के प्रति जवाबदेह नहीं है। संघ अर्ध-गोपनीय संगठन है। इसलिये संघ की विचारधारा उसके द्वारा चुने गये व्यक्ति मोदी द्वारा प्रचारित की जा रही है।

चिदंबरम ने मोदी द्वारा हाल में कही गई बातों का मजाक उड़ाते हुये कहा कि सत्ता के नशे में गुजरात के मुख्यमंत्री वह सब कहते जा रहे हैं जो उनके दिमाग में आता है। चिदंबरम ने कहा आप देखिये वह किस तरह की गलत बयानी करते हैं। वित्त मंत्री ने मोदी के उत्तराखंड आपदा के दौरान 15000 गुजरातियों को बचाने के प्रचलित बयान से लेकर पंडित जवाहर लाल नेहर के सरदार पटेल के अंतिम संस्कार में नहीं पहुंचने के बारे में हाल में दिये बयान का जिक्र किया।

उन्होंने चंद्रगुप्त का संबंध गुप्त वंश से होने और अलेक्जेंडर के गंगा पार करने के मोदी के बयानों का भी मजाक उड़ाया। वित्त मंत्री ने उम्मीद जताई कि अब राजनीतिक बयानबाजी व्यक्तिगत न होकर कांग्रेस और भाजपा पार्टी पर केन्द्रित होगी।

No comments:

Post a Comment