Thursday 15 December 2011

फिल्म अभिनेत्री की ललकार, हिम्मत है तो आओ सामने और करो बहस

 मैं डिबेट में विश्वास रखती हूं और चंडीगढ़ व देश की समस्याओं पर खुले मंच पर डिबेट करना चाहती हूं। कांग्रेस समेत कोई भी किसी भी पार्टी का नेता मेरे साथ डिबेट कर सकता है। चंडीगढ़ की स्थिति देख कर मुझे बहुत दुख होता है। देश में भी कांग्रेस ने 65 साल में से 55 साल तक मिस गवर्न किया है। भाजपा में एक बात है, यह उसूलों की पार्टी है।


फिल्म अभिनेत्री और चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव में भाजपा की स्टार प्रचारक किरण खेर यह बात कह रही हैं। वे रोजाना चार से पांच जनसभाओं को संबोधित कर रही हैं। बुधवार को यूटी गेस्ट हाउस में बातचीत के दौरान जब उनसे पूछा गया कि चंडीगढ़ की सबसे बड़ी समस्या क्या है तो उन्होंने तपाक से कहा, कांग्रेस।

तो शहर मर जाएगा

कांग्रेस पार्टी के राज में शहर में शैड घोटाला, बूथ घोटाला और न जाने क्या-क्या घोटाला हुआ है। सत्ता में रहते हुए कांग्रेस चाहती है कि शहर को निचोड़ ले। यह देखकर दुख होता है, यूं तो शहर मर जाएगा। जिस तरह शहर फैल रहा है, वैसे मेंटेन नहीं किया जा रहा। कांग्रेस के पास कोई ठोस नीति नहीं है।

भ्रष्टाचार सबसे बड़ा मुद्दा

इस चुनाव में भी एक ही मुद्दा अहम है, भ्रष्टाचार। जिस तरह कांग्रेस केंद्र में भ्रष्टाचार में लिप्त है उसी प्रकार चंडीगढ़ में भी कांग्रेस नेता अनेक घोटालों में संलिप्त हैं। कांग्रेस जोंक की तरह देश का खून चूस रही है। मेरी लोगों से अपील है कि कांग्रेस को जड़ से उखाड़ फेंको।

पार्टी के आदेश पर काम

निगम चुनाव में प्रचार को आपकी चंडीगढ़ में राजनीतिक जमीन तैयार करते हुए लोकसभा चुनाव लड़ने की तैयारी के रूप में देखा जा रहा है? मैं पार्टी के आदेश पर काम करती हूं। वैसे मेरी इच्छा चुनाव लड़ने की नहीं है। लेकिन अगर पार्टी का आदेश होगा तो चुनाव भी लड़ूंगी।

No comments:

Post a Comment