Monday 12 December 2011

मासूम को किडनैप करने वाली महिला का खुलासा, हैरान हैं सभी!

पंचकूला. सेक्टर-6 स्थित सिविल अस्पताल से नवजात बच्चे मन्नत को बेचने के लिए किडनैप किया गया था। यह खुलासा आरोपी महिलाओं निशा और रेखा ने किया है। 

 
रविवार को पुलिस ने दोनों को कोर्ट में ड्यूटी मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया, यहां से उन्हें तीन दिन के लिए पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। हालांकि यह भी सामने आया है कि निशा की तरफ से बेटे की चाह में कई अनाथाश्रमों में आवेदन किया हुआ है। गौरतलब है कि 5 दिसंबर को निशा व उसकी नौकरानी रेखा ने सिविल अस्पताल से नवजात मन्नत को किडनैप कर लिया था।पुलिस ने शनिवार को दोनों को पटियाला के सन्नौर से गिरफ्तार किया था।

 
अच्छी कीमत मिलने की थी उम्मीद

 
सीआईए इंस्पेक्टर कर्मवीर सिंह के अनुसार तीसरे आरोपी गुरविंदर व पोलो कार को बरामद किया जाना बाकी है। गुरविंदर इस कार को अस्पताल में लेकर आया था। इसी कार में सवार होकर सभी बच्चे को लेकर गए थे। पुलिस के मुताबिक दोनों महिलाओं ने स्वीकार किया है कि उन्होंने बच्चे को बेचने के लिए चुराया था। बच्चा काफी सुंदर है और लड़का भी है, इसलिए उसकी अच्छी कीमत मिलने की उम्मीद थी। आरोपी निशा ने अभी यह खुलासा नहीं किया है कि उसने बच्चे को कहां, किसे व कितनी कीमत पर बेचना था।

 
मोबाइल की टावर लोकेशन पंचकूला की थी

 
श्री माता मनसा देवी मंदिर से पहले नवरात्र मेले के दौरान चुराए गए 8 माह के निशांत के बारे में भी खुलासा होने की उम्मीद जग रही है।27 अक्टूबर को पहले नवरात्र मेले के दिन माता मनसा देवी मंदिर से निशांत को कोई दंपती मन्नत को किडनैप करने के स्टाइल में ही ले गया था। सूत्रों के मुताबिक मोबाइल टावर की लोकेशन से निशांत की किडनैपिंग के दिन निशा के फोन की टावर लोकेशन भी पंचकूला की ही थी, इसके चलते पुलिस निशा से निशांत के बारे में पूछताछ करेगी।

No comments:

Post a Comment