Monday 24 February 2014

दहेज लोभी को मारी 'लात' दुल्हन ने लौटाई बरात

लखनऊ। दहेज में बाइक व फ्रिज न मिलने पर आगरा में दू्ल्हा भड़क तो गया, लेकिन जब लड़की को बात पता चली तो उसने विवाह ही करने से इंकार कर दिया। इसके बाद तो वहां का माहौल ही बदल गया।
बरात आ गई। निकाह की रस्म भी पूरी हो गई। मगर, दहेज के सामान में बाइक और फ्रिज न देखकर दूल्हा भड़क गया। लड़की के परिवारवालों मनाने की हरसंभव कोशिश की, पैर तक पकड़ लिए। मगर, वह नहीं माना। दहेजलोभी दूल्हा और बराती थाने में भी शिकायत करने पहुंचे। घर वालों की बेइज्जती देख दुल्हन ने दूल्हे को अपमान की लात मारी। शादी से इंकार कर दिया, जिसके बाद बरात लौटा दी गई।
मामला टेढ़ी बगिया के सौ फुटा रोड की मस्जिद वाली गली का है। शनिवार शाम नगला देवजीत से बरात पहुंची। दुल्हन के दरवाजे पर पहुंचते ही दूल्हे के तेवर गरम हो गए। दहेज का सामान देखकर वह भड़क गया। उस समय दूल्हे के परिवारवालों ने उसे समझाकर निकाह को तैयार करा दिया। निकाह पढ़े जाने के बाद फिर से दूल्हा बिफर पड़ा। लड़की के पिता और भाई उसके हाथ जोड़कर मनाते रहे। मगर, दूल्हा नहीं माना।
उसका कहना था कि मैं चालीस हजार रुपये महीने कमाता हूं। हैसियत के हिसाब से दहेज देना ही पड़ेगा। रात भर ड्रामे के बाद दुल्हन ने साहसिक फैसला लेते हुए शादी से इन्कार कर तलाक लेने को कह दिया। साथ ही दूल्हे को तुरंत बरात लेकर वापस जाने को बोल दिया।
इसके बाद बरात लेकर दूल्हा थाना एत्माद्दौला पहुंच गया। यहां उसने तहरीर दी। हालांकि बाद में वापस भी ले ली। समाज के कुछ लोगों ने दोनों पक्षों को समझाकर दुल्हन को विदा करने को कहा, लेकिन दुल्हन इसके लिए तैयार नहीं हुई। उसके बाद दूल्हे ने इस्लाम नगर निवासी दूसरी लड़की से निकाह कर लिया।
पढ़ें: पति समेत तीन के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज
दुल्हन की बिगड़ी हालत, बेहोश
दरवाजे से बरात लौटाने के बाद दुल्हन की हालत बिगड़ गई। वह बेहोश होकर गिर पड़ी। उसका गरीब पिता और भाई भी दिनभर रोते रहे। पुलिस ने बताया कि थाने आने के बाद दोनों पक्ष समझौता करके लौट गए। किसी पक्ष ने तहरीर नहीं दी है।

No comments:

Post a Comment