Friday 17 January 2014

केजरीवाल ने उपराज्यपाल से की दिल्ली पुलिस की शिकायत

Image Loading
kajriwal on phone
दिल्ली के पहाड़गंज क्षेत्र में डेनमार्क की महिला से गैंगरेप की घटना के बाद विपक्षी दलों के निशाने पर आये मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को उप राज्यपाल (एलजी) नजीब जंग से मुलाकात की और दिल्ली पुलिस के खिलाफ अपनी नाराजगी जाहिर की।
सूत्रों ने बताया कि उप राज्यपाल से मुलाकात में केजरीवाल ने तीन थानों के प्रमुखों को हटाने का अनुरोध किया। केजरीवाल पहाड़गंज, सागरपुर और मालवीय नगर के थाना प्रमुखों को निलंबित करना चाहते हैं। जिस समय केजरीवाल जंग से मिलने गए थे उस समय दिल्ली पुलिस आयुक्त बीएस बस्सी भी वहां पहुंचे हुये थे। मुख्यमंत्री ने उप राज्यपाल से दिल्ली पुलिस के व्यवहार को लेकर अपनी नाराजगी जताई है। सूत्रों ने बताया कि यदि मुख्यमंत्री की बातों पर ध्यान नहीं दिया जाता है तो वह आंदोलन कर सकते हैं। आम आदमी पार्टी (आप) की सरकार को बाहर से समर्थन दे रही कांग्रेस ने कल डेनमार्क की महिला के साथ गैंगरेप को लेकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया था। केजरीवाल 15 जनवरी की रात को सेक्स और मादक रैकेट की मालवीय नगर क्षेत्र में स्थानीय लोगों से शिकायत मिलने पर कानून मंत्री सोमनाथ भारती के रात में छापामारी करने के दौरान दिल्ली पुलिस की भूमिका को लेकर खासे नाराज बताये जा रहे हैं। इस दौरान भारती और पुलिस अधिकारी के बीच कहा सुनी भी हुई थी। दिल्ली पुलिस इस मामले पर भारती के खिलाफ उप राज्यपाल को रिपोर्ट सौंप सकती है। पुलिस राज्य सरकार के मंत्रियों के व्यवहार को लेकर नाराज है। पुलिस का कहना है कि राज्य सरकार के मंत्री उसके कामकाज में हस्तक्षेप कर रहे हैं। दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली ने डेनमार्क की महिला से गैंगरेप और आप मंत्रियों के महिला का नाम उजागर करने को लेकर कल जोरदार प्रदर्शन किया था और मुख्यमंत्री के खिलाफ जमकर नारेबाजी की थी। लवली गैंगरपे की घटना पर दिल्ली पुलिस की उदासीनता के लिए गृहमंत्री को पत्र भी लिखेंगे।

No comments:

Post a Comment