Wednesday 21 August 2013

नरेंद्र दाभोलकर की हत्या के विरोध में पुणे बंद

Image Loading पुणे,अंधविश्वास के खिलाफ अभियान चलाने वाले नरेंद्र दाभोलकर की हत्या के विरोध में राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों ने बुधवार को शहर बंद का आह्वान किया है। दाभोलकर की हत्या के विरोध में छात्रों और नागरिकों ने एक भी रैली निकाली।
अंधविश्वास के खिलाफ महाराष्ट्र में अभियान चलाने वाले दाभोलकर ने काला जादू और अमानवीय कर्मकांडों पर प्रतिबंध के लिए एक कानून बनाने की खातिर दबाव डाला था। 69 वर्षीय दाभोलकर की मोटरसाइकिल पर आए अज्ञात हमलावरों ने कल सुबह करीब सात बजकर 15 मिनट पर गोली मार कर हत्या कर दी थी। दाभोलकर उस समय सुबह की सैर पर ओंकारेश्वर मंदिर ब्रिज पर थे। हमलावरों ने उन्हें करीब से गोली मारी थी। समझा जाता है कि हमलावरों की उम्र 25 से 30 साल थी। उनकी पहचान के बारे में पुलिस को अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। एक हमलावर का हालांकि एक स्केच कल जारी किया गया। पुलिस ने कुछ जानकारी मिलने का दावा किया है, लेकिन यह कहते हुए ब्योरा नहीं दिया कि इससे जांच बाधित होगी। एक शीर्ष पुलिस अधिकारी ने संवाददाताओं को बताया कि हम किसी भी संभावना को नकारे बिना हर पहलू से मामले की जांच कर रहे हैं। सूत्रों ने बताया कि हमलावरों और उनकी मोटरसाइकिल की नंबर प्लेट के बारे में प्रत्यक्षदर्शियों से मिले ब्योरे से अपराध शाखा के अधिकारियों को कोई सुराग मिलने की उम्मीद है। दाभोलकर का कल रात उनके गृह नगर सतारा में अंतिम संस्कार कर दिया गया। 

No comments:

Post a Comment