Tuesday, 13 August 2013

सुनहरी कुरकुरी अरबी - Golden Crispy Arbi



क्या आपने कभी सुनहरी कुरकुरी अरबी बनाकर खाई है। यदि नहीं तो आज बनाइये। यह साधारण अरबी से ज्यादा स्वादिष्ट व अलग बनती है। यदि आप घर में कुछ विशेष बनाना चाहते हैं और तली हुई चीजों से परेहज नहीं करते तो सुनहरी कुरकुरी अरबी बनाकर खाइये। तो आइये बनाएं सुनहरी कुरकुरी अरबी।

आवश्यक सामग्री:

  • अरबी - 500 ग्राम (मीडियम आकार की)
  • तेल - 100 ग्राम (अरबी तलने के लिये और सब्जी को फ्राई करने के लिये)
  • हींग - 1-2 चुटकी
  • अजवायन - 1 छोटी चम्मच
  • जीरा - आधी छोटी चम्मच
  • हल्दी पाउडर - आधी छोटी चम्मच
  • धनिया पाउडर - 1.1/2 छोटी चम्मच
  • हरी मिर्च - 2-3 (बारीक कतर लीजिये)
  • अदरक - 1 इंच लंबा टुकड़ा (कद्दुकस कर लें)
  • लाल मिर्च पाउडर - आधी छोटी चम्मच
  • गरम मसाला - 1/4-1/2 छोटी चम्मच
  • अमचूर पाउडर - आधी छोटी चम्मच
  • नमक - स्वादानुसार (1 छोटी चम्मच से थोडा़ ज्यादा)
  • हरा धनिया - 2-3 टेबल स्पून (बारीक कतरा हुआ)

विधि:

अरबी को धोकर उबालिये और ठंडा करके छील कर हथेली से दबा-दबा कर चपटा कर लीजिये।
कढ़ाई में तेल गर्म कीजिये और जब तेल तेज गर्म हो जाए तो उसमें 4-5 अरबी डालकर दोनों तरफ से ब्राउन होने तक तल कर प्लेट में निकाल लीजिये। सारी अरबी इसी तरह तल कर प्लेट में रख लीजिये।

अब इस कढ़ाई में 1- 2 टेबल स्पून तेल छोड़कर बाकी तेल अलग कर दीजिये। कढा़ई वाले तेल को गर्म कीजिये और उसमें हींग, जीरा और अजवायन डालकर भून लीजिये। उसके बाद उसमें हल्दी पाउडर, धनिया पाउडर, हरी मिर्च, तली हुई अरबी, नमक, लाल मिर्च पाउडर, अमचूर पाउडर और गरम मसाला डाल कर अरबी को 3-4 मिनट तक चमचे से चला कर भून लीजिये।
स्वादिष्ट सुनहरी कुरकुरी अरबी तैयार है। अब इसे किसी प्याले में निकाल कर हरे धनिये से सजाइये और गरमा गरम पराठे, पूड़ी, चपाती या नान के साथ परोस कर खाइये।

No comments:

Post a Comment